logo

सत्यब्रत राउत

सत्यब्रत राउत

ओडिशा में जन्मे सत्यब्रत राउत भारतीय समकालीन रंगमंच के एक समर्पित सिनोग्राफर और निदेशक हैं राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नयी दिल्ली से डिजाइन और डायरेक्शन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के बाद वे देश- विदेश के विभिन्न रंग संस्थानों और संगठन से जुड़े रहे। उन्होंने रंगमंडल, भारत भवन, भोपाल: थिएटर-इन-एजुकेशन कम्पनी एवं विस्तार कार्यक्रम, एन.एस.डी पटियाला विश्वविद्यालय, खैरागढ़ विश्वविद्यालय तथा विदेश के कई संस्थानों जैसे हैवेरियाना यूनिवर्सिटी, बोगोटा; टावर हाल थिएटर फाउंडेशन, कोलम्बो 'इंटरनेशनल बायो-ड्रामा स्कूल', कोलम्बिया 'ईस्ट 15 एक्टिंग स्कूल' यूनिवर्सिटी ऑफ़ एसेक्स, इंग्लैंड अँड बैली स्टेट यूनिवर्सिटी' एवं 'सेंट्रल मिशिगन यूनिवर्सिटी', यू.एस.ए. आदि में सिनोग्राफ़ी एवं भारतीय रंगमंच पर अध्यापन किया। उन्होंने 2018 में सिनोग्राफ़ी पर शोधकार्य के लिए फुलब्राइट स्कॉलरशिप के तहत अमेरिका में एक लम्बा समय गुज़ारा उस दौरान वहाँ की विभिन्न आर्ट गैलरीज में घूमे एवं पिकासो और विन्सेंट वन गोंग की पेंटिंग्स का अध्ययन किया। वर्तमान में श्री राउत हैदराबाद विश्वविद्यालय में नाट्य विभाग के प्रमुख हैं। उन्होंने बी.वी. कारन्थ के रंगमंच के ऊपर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से पीएच. डी. एवं 'नयी निर्देशन पद्धति' के ऊपर खैरागढ़ विश्वविद्यालय से डी. लिट. की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर रंगमंच की शोध पत्रिकाओं में अपने लेख लिखे हैं और किताबें प्रकाशित की हैं। जिनमें प्रमुख हैं: ऑन द क्रॉसरोड्स ऑफ़ थिएटर (2012), एनिमल फार्म (2016), सिनोग्राफ़ी : एन इंडियन परस्पेक्टिव (2022)

अपने 40 साल के रंगजीवन में प्रो. सत्यव्रत राउत ने 75 से अधिक नाटकों का निर्देशन किया है। इन नाटकों में उन्होंने बाह्य और आन्तरिक दृश्यों के ज़रिये विजुअल थिएटर की पद्धति को नया आयाम दिया है। उनकी कुछ प्रस्तुतियों जैसे पासा, बाजी, एनिमल फार्म, नागमंडल, एवम् इन्द्रजीत, वेटिंग फॉर... गोदो, तुम्हारा विन्सेंट और शकुन्तला आदि ने रंगमंच के भारतीय और अन्तरराष्ट्रीय क्षेत्र में व्यापक रूप से चर्चा पायी है।

उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों और पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है जिनमें शामिल हैं:

सीनियर फ़ैलोशिप-2002 संस्कृति मन्त्रालय, भारत सरकार द्वारा; मनोहर सिंह स्मृति सम्मान-2006 राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नयी दिल्ली द्वारा; सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार-2013 मत्ते एकलव्य के लिए META द्वारा: मोहन राकेश सम्मान-2015, साहित्य कला परिषद, दिल्ली द्वारा तुम्हारा विन्सेंट के लिए संगीत नाटक अकादमी सम्मान-2016, केन्द्रीय संगीत नाटक अकादमी द्वारा नाट्य-निर्देशन के लिए: फुलब्राइट नेहरू फेलोशिप-2018-19, जे.एम. फुलब्राइट फाउंडेशन, यू.एस.ए. द्वारा बी.बी. कारन्ध सम्मान - 2019, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, दिल्ली द्वारा।